नेशनल खबर 9 के प्रदेश प्रभारी रिंकू सिंह की खास रिपोर्ट
पीपीएस से आईपीएस बने मधुबन कुमार सिंह, आजमगढ़ पुलिस परिवार ने गर्व के साथ मनाया गौरव का पल
आजमगढ़ पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गर्व, सम्मान और खुशी का अवसर बन गया। पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित गरिमामयी प्रमोशन सेरेमनी में अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह को प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नत होने पर पूरे सम्मान के साथ अभिनंदित किया गया। समारोह का माहौल तालियों की गूंज और शुभकामनाओं से सराबोर रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मधुबन कुमार सिंह के कंधों पर आईपीएस के नए रैंक बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति केवल एक अधिकारी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि मधुबन कुमार सिंह अपनी नई जिम्मेदारियों का भी उसी समर्पण और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे, जिससे पुलिस विभाग की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
एसएसपी ने कहा कि मधुबन कुमार सिंह ने अपने सेवा काल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी कार्यशैली सदैव निष्पक्ष, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित रही है, जिसके कारण उन्हें विभाग में एक कर्मठ अधिकारी के रूप में पहचान मिली है।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे पुलिस परिवार ने इस उपलब्धि को साझा गर्व का क्षण बताते हुए उनके सम्मान में तालियां बजाकर उत्साह व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी सहित जनपद के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आईपीएस अधिकारी के रूप में मधुबन कुमार सिंह का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण पुलिस विभाग को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। यह पदोन्नति न केवल उनके उत्कृष्ट सेवा-जीवन का सम्मान है, बल्कि युवा पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।




