आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
चार्ज लेते ही एक्शन में कोतवाल विनय सिंह, पहली ही रात मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के थाना जीयनपुर में नए कोतवाल के रूप में तैनात हुए विनय कुमार सिंह ने चार्ज संभालते ही अपनी कार्यशैली का असर दिखा दिया। जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हत्या कांड के मुख्य अभियुक्त को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को ही विनय सिंह ने जीयनपुर कोतवाली का चार्ज संभाला था। उसी रात उन्होंने फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम के साथ रणनीति बनाकर मुबारकपुर तिराहे से बासूपार मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
कोतवाल विनय सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त नीरज निषाद (18 वर्ष) के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल को अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि मारपीट और चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें नीरज निषाद भी शामिल था।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिन्दा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
चार्ज संभालते ही सख्त एक्शन लेने वाले कोतवाल विनय सिंह की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की सक्रियता का साफ संदेश गया है।




