हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने लिया निष्पक्ष पत्रकारिता का संकल्प। संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा 

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति स्थानीय समाचार

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने लिया निष्पक्ष पत्रकारिता का संकल्प।

संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया)। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को रसड़ा स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में एक बैठक एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों तथा सामाजिक दायित्वों पर गंभीर चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता महासंघ के तहसील अध्यक्ष रवि आर्य ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष उमाकांत विश्वकर्मा, राघवेंद्र कुमार गौतम, सुमित गुप्ता, अश्वनी शर्मा, विनोद कुमार शर्मा, विशाल शर्मा एवं सुरेश जी सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने पत्रकारों के हित, सम्मान एवं सुरक्षा के मुद्दों के साथ-साथ खबरों की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं के बीच सत्य और तथ्य आधारित पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

तहसील अध्यक्ष रवि आर्य ने कहा कि 30 मई 1826 को प्रकाशित हुए ‘उदन्त मार्तण्ड’ से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और तहसील स्तर पर पत्रकारिता करना चुनौतियों से भरा कार्य है, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ हमेशा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।

उपाध्यक्ष उमाकांत विश्वकर्मा ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना ही सच्ची पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना आज की सबसे बड़ी चुनौती है और क्षेत्रीय पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं।

उपाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने महासंघ की एकजुटता को पत्रकार हितों की लड़ाई में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं साझा कीं।