नमामि गंगे के अंतर्गत काली नदी मोहरा घाट पर होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

Social

संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 20 जून । राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी), नई दिल्ली के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, एटा द्वारा काली नदी मोहरा घाट, सहावर रोड पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस को योग, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। जिला गंगा समिति, एटा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, ग्रामीणजन, पर्यावरणविद्, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास के साथ-साथ नदी संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा । नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी आर्यन गौड़ ने बताया कि ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के अंतर्गत नदी तट पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। नदी किनारे आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता के प्रति भी प्रेरित करेगा । उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को नमामि गंगे की टी-शर्ट, कैप एवं पर्यावरण अनुकूल जूट बैग वितरित किए जाएंगे। जूट बैग वितरण का उद्देश्य एकल उपयोग प्लास्टिक एवं पॉलिथिन के प्रयोग को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसामान्य को जागरूक बनाना है। जिला गंगा समिति, एटा ने सभी नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर योग एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।