आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
सिद्ध पीठ मां पूर्वी देवी धाम से निकलेगी भव्य शोभायात्रा, विंध्याचल में होगा “मां से मां का दिव्य मिलन”
आजमगढ़ जनपद के सदर तहसील क्षेत्र अंतर्गत चंदौका आहोपट्टी गांव स्थित सिद्ध पीठ मां पूर्वी देवी धाम एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का केंद्र बनने जा रहा है। गांव के प्राचीन शक्ति स्थल पर वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए “पूर्वी देवी सेवा ट्रस्ट” एवं ग्रामवासियों के सहयोग से 25 मई 2026 को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह विशाल शोभायात्रा 25 मई की सुबह 6:30 बजे सिद्ध पीठ मां पूर्वी देवी धाम से विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ होगी। यात्रा बाबा पांडेश्वर नाथ मंदिर, देवरही बाबा, डीहबाबा, दक्षिण मुखी काली जी मुख्य चौक, बड़ा गणेश मंदिर, बड़ादेव हनुमान जी, दुर्गा जी मंदिर, बाबा भंवरनाथ एवं चंद्रमा ऋषि स्थल से होकर आगे बढ़ेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था शीतला माता निजामाबाद एवं शीतला धाम चौकिया से गुजरते हुए मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल, मिर्जापुर पहुंचेगा, जहां “मां से मां का मिलन” होगा।
श्रद्धालुओं के अनुसार यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि आस्था और शक्ति का महापर्व है। पूरे मार्ग में माता रानी के जयकारे, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।
मंदिर के पुजारियों और ट्रस्ट पदाधिकारियों का कहना है कि मां पूर्वी देवी धाम सदियों से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और मां के दरबार से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। ग्रामीणों के अनुसार यह धाम केवल पूजा का स्थान नहीं बल्कि गांव की संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों की आस्था का प्रतीक है।
इसके उपरांत 27 मई दिन बुधवार को सुबह 10 बजे से “हरि इच्छा तक” विशाल बृहद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। ट्रस्ट एवं ग्रामवासियों ने जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां का दर्शन-पूजन करने और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी पंडित वेद प्रकाश पांडे, अनुज कुमार उपाध्याय, गुड्डू सिंह, मनोज कुमार उपाध्याय, राम सिंगार उपाध्याय, ऋतिक उपाध्याय, अमरनाथ उपाध्याय, मान बहादुर उपाध्याय, संजय उपाध्याय, रजनीश उपाध्याय, गिरीश उपाध्याय, संतोष उपाध्याय, सर्वेश उपाध्याय सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहेगा।




