नेशनल खबर 9 से यूपी हेड रिंकू सिंह
अपराधियों की संपत्ति जब्ती से पीड़ित को प्रतिकर तक—बेहतरीन अभियोजन कार्य पर जिलाधिकारी ने किया सम्मान
आजमगढ़ जनपद में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने प्रभावी अभियोजन कार्य के लिए अभियोजन अधिकारियों को अंगवस्त्रम एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान केवल दो अधिकारियों का नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जुटे अभियोजन तंत्र के प्रयासों का सम्मान रहा।
जिलाधिकारी ने बीएनएस की धारा 107 के तहत 10 करोड़ 36 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीओ प्रवीण कुमार चौधरी तथा आरोपी को सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा दिलाने के साथ पीड़ित को 90 लाख रुपये प्रतिकर दिलाने में प्रभावी पैरवी करने वाले पीओ अरविंद भाटी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर अभियोजन विभाग के जेडी शमशाद हसन ने कहा कि यह सम्मान केवल आजमगढ़ के अधिकारियों का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के अभियोजन विभाग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पूरी ईमानदारी, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के साथ न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं, उन्हें इसी प्रकार प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुआ यह सम्मान समारोह इस संदेश का प्रतीक बना कि न्याय की राह में ईमानदार मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने में अभियोजन की भूमिका समाज में कानून के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है।
कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा सहित अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




