विश्व रक्तदाता दिवस पर जिलाधिकारी ने रक्तदाता भवन का किया लोकार्पण,

Uncategorized

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

विश्व रक्तदाता दिवस पर जिलाधिकारी ने रक्तदाता भवन का किया लोकार्पण,

रक्तदाताओं व संस्थाओं का हुआ सम्मान

आजमगढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को मंडलीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में नवनिर्मित रक्तदाता भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार अथवा दुर्घटना में घायल व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ननकू राम ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान ही मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान अभियान में भाग लेने की अपील की। वहीं एसआईसी डॉ. सतीश कनौजिया ने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह एक सुरक्षित और सामाजिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।

ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनिल मौर्य ने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली और रक्त संग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में ब्लड लैब टेक्नीशियन सुभाष पांडे ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, नियमित रक्तदाताओं और चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रक्तदाताओं एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। इस मौके पर 86 यूनिट रक्त दान किया गया।