संवाददाता : धीरेन्द्र पाण्डेय
बस्ती । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जिला चिकित्सालय बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए ड्रेसिंग रूम, इमरजेंसी ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकीय उपकरणों, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने अस्पताल में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने के साथ ही परिसर की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अस्पताल में रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को समय से बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में बेंच लगवाने को कहा। डिप्टी सीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को असुविधा न हो और अस्पताल में उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समयबद्ध एवं सुगमता से मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों से सेवा भावना, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, एसआईसी डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




