तिलक समारोह में जा रहे लोगों की गाड़ी पलटी, देवदूत बनी एंबुलेंस सेवा

स्थानीय समाचार

तिलक समारोह में जा रहे लोगों की गाड़ी पलटी, देवदूत बनी एंबुलेंस सेवा

बलिया: जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर शाम करीब 10:35 बजे हुआ। बैरिया-रामगढ़ क्षेत्र से कुछ लोग तिलक समारोह में शामिल होने के लिए रेवती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खराब मौसम के चलते अचानक सड़क पर पेड़ की एक मोटी डाल गिर गई। डाल से टकराकर वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। गाड़ी में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे, जो सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती पहुंचाया।

वहां मौजूद चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए सातों को जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम में एंबुलेंस सेवा और उसके कर्मचारियों की तत्परता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे समय पर घायलों को उपचार मिल सका और उनकी जान बचाने की उम्मीद बनी हुई है।