संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
सरायमीर (आजमगढ़)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में सरायमीर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा और माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सरायमीर रामलीला मैदान से हुआ। यात्रा मवेशी खाना, डाकखाना रोड, महाजनी टोला चौक, पुराना थाना, सब्जी मंडी, ठठेरी बाजार और मेन रोड होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। “भारत माता की जय” और “तिरंगा है आन हमारी, तिरंगा है शान हमारी” जैसे नारों से नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राम भवन मौर्य ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का संदेश देती है। देश की आजादी और सम्मान की रक्षा के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिन्हें राष्ट्र सदैव श्रद्धा से स्मरण करता रहेगा।
यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा जलपान की व्यवस्था की। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और चेहरे पर देशभक्ति का जोश लिए लोग यात्रा के साथ कदमताल करते नजर आए। इस दौरान मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष अजय यादव, विशिष्ट अतिथि जिला मंत्री शैलेश प्रजापति, मंडल अध्यक्ष राम भवन मौर्य, तिरंगा यात्रा मंडल संयोजक राजेश यादव, सहसंयोजक उमेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष श्रीनाथ प्रजापति व हरिश्चंद्र यादव, मंडल महामंत्री दुर्गेश राय, राहुल प्रजापति, अमृत लाल गुप्ता, राहुल चौहान, दशरथ गौतम, सभासद बंटी गुप्ता, सभासद अमन गुप्ता, सभासद श्याम बाबू गुप्ता, ग्राम प्रधान पप्पू, पत्रकार अबूल फैजी, चंदन यादव, ओम प्रकाश चौहान दिनेश प्रजापति,श्याम बिहारी मौर्या सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।




