नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ मंडल हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
आजमगढ़ के वरिष्ठ सपा विधायक आलमबदी आज़मी का निधन, 92 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
आजमगढ़। निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ विधायक आलमबदी आज़मी का बुधवार देर रात उनके आजमगढ़ शहर स्थित कुर्मी टोला आवास पर निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे और पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका लखनऊ में भी उपचार कराया गया था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें घर लाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। गुरुवार सुबह से लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम 4 बजे पूरे सम्मान के साथ मुकेरीगंज स्थित जानेतुर्रशाद कब्रिस्तान में किया जाएगा। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने इसे आजमगढ़ की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है।
आलमबदी आज़मी का राजनीतिक जीवन लगभग तीन दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहा। उन्होंने 1989 में लोकसभा चुनाव से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वर्ष 1996 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर पहली बार निजामाबाद विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 2002, 2012, 2017 और 2022 में भी उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज कर कुल पांच बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। केवल 2007 के चुनाव में उन्हें बसपा के अंगद यादव से पराजय का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मनोज यादव को 34,187 मतों के बड़े अंतर से हराया था।
16 मार्च 1936 को आजमगढ़ जिले के सगड़ी तहसील अंतर्गत बिन्दवल गांव में जन्मे आलमबदी आज़मी ने गोरखपुर के टेक्निकल इंस्टीट्यूट से इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया था। उनके पिता बदीउज्जमा गोरखपुर के जॉर्ज इस्लामिया इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। अपने लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में आलमबदी आज़मी ने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति ने एक अनुभवी और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि को खो दिया है।




