रसड़ा के मेरुराय का पूरा वार्ड 17 में सिर पर झूल रहा बिजली का तार, बड़ा हादसा होने का खतरा।

स्थानीय समाचार

रसड़ा के मेरुराय का पूरा वार्ड 17 में सिर पर झूल रहा बिजली का तार, बड़ा हादसा होने का खतरा।

रसड़ा (बलिया)। नगर क्षेत्र के मोहल्ला मेरुराय का पूरा, वार्ड नंबर 17 में बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। यहां सड़क के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा है, जिससे राहगीरों को हर समय दुर्घटना का डर बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार यह तार लंबे समय से नीचे लटका हुआ है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। बारिश या तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है।

इसी रास्ते पर स्थित नूरानी मस्जिद का मुख्य मार्ग भी यही है, जहां जुम्मा की नमाज के दिन भारी संख्या में लोग आते-जाते हैं। लोगों को मजबूरी में जान जोखिम में डालकर इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक ई-रिक्शा यहां से गुजर रहा था, तभी उसकी छत बिजली के झूलते तार से छू गई, जिससे चालक को करंट का झटका लगा। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।

इस संबंध में स्थानीय निवासी एवं पत्रकार उमाकांत विश्वकर्मा ने बिजली विभाग के जेई शशि कपूर को फोन के माध्यम से सूचना दी। जेई ने मौके को दिखवाने की बात कही थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई कर्मचारी स्थल पर नहीं पहुंचा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर खंभा भी लगा है और तार भी मौजूद है, लेकिन तार को खंभे पर व्यवस्थित तरीके से नहीं चढ़ाया गया है। मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर तार को सही ऊंचाई पर व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचाव हो सके।