रसड़ा (बलिया): ग्राम सभा मिर्जापुर में वोडाफोन का नया मोबाइल टावर लगा, ग्रामीणों में खुशी की लहर।
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मिर्जापुर में वोडाफोन का नया मोबाइल टावर स्थापित किए जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लंबे समय से खराब नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब बड़ी राहत मिली है। टावर के शुरू होने के बाद मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं पहले से काफी बेहतर हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेटवर्क समस्या के कारण उन्हें ऑनलाइन कार्यों, डिजिटल सेवाओं और संचार में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब कनेक्टिविटी सुधरने से लोग तेजी से मोबाइल सिम पोर्ट भी करा रहे हैं, ताकि बेहतर सेवा का लाभ मिल सके।
इस टावर का लाभ केवल ग्राम सभा मिर्जापुर तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ज्वाइनिया, लखुवा, बेसवान, आमघाट और प्रधानपुर समेत लगभग पांच अन्य गांवों के निवासियों को भी मिल रहा है। इन क्षेत्रों में भी अब मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हो रही हैं।
ग्राम सभा मिर्जापुर के छात्र अभिषेक कुमार ने बताया कि कमजोर इंटरनेट के कारण ऑनलाइन पढ़ाई में काफी परेशानी होती थी, लेकिन नए टावर के लगने से अब पढ़ाई, ऑनलाइन फॉर्म भरने, बैंकिंग और अन्य डिजिटल कार्य आसान हो गए हैं।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि बेहतर नेटवर्क व्यवस्था से क्षेत्र में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।




