गांधी जयंती पर श्रीनगर सियरहां में शिक्षकों व रसोइयों का सम्मान, भावुक हुए गुरुजन; बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Education

नेशनल खबर 9 से मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन उर्फ बबलू राय

 

जहां गुरु का सम्मान, वहीं शिक्षा का उजियारा

 

गांधी जयंती पर श्रीनगर सियरहां में शिक्षकों व रसोइयों का सम्मान, भावुक हुए गुरुजन; बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

आजमगढ़। “गुरु वह दीप है, जो खुद जलकर दूसरों की जिंदगी में उजाला भरता है।” इसी भावना को चरितार्थ करते हुए शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिला।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कमला रानी तथा समाजसेवी, भूतपूर्व सैनिक एवं भूतपूर्व शिक्षक अशोक कुमार राय ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। मां सरस्वती, महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के बाद राष्ट्रगान हुआ। भारत माता की जय, वंदे मातरम और महात्मा गांधी अमर रहें के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

 

कार्यक्रम में एसआरजी राम बदन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता चाणक्य इंडिया टीवी न्यूज के आजमगढ़ ब्यूरो चीफ रामनरायन राय उर्फ बबलू राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मंडल ब्यूरो हेड भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह उपस्थित रहे। संचालन मधू राय ने किया तथा संयोजन प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने किया।

 

*गुरुजनों को मिला सम्मान, आंखों में छलकी खुशी*

 

समारोह का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब समाजसेवी अशोक कुमार राय ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं रसोइयों को माला पहनाकर मोमेंटो एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान पाकर कई गुरुजनों के चेहरे पर खुशी और भावुकता एक साथ नजर आई। प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने कहा कि अपने कार्यकाल में पहली बार उन्होंने पूरे विद्यालय परिवार को इस तरह सार्वजनिक रूप से सम्मानित होते देखा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और शिक्षा की उस परंपरा का सम्मान है, जो पीढ़ियों का भविष्य गढ़ती है।

*बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा, तालियों से गूंजा परिसर*

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

बच्चों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के महत्व के बारे में भी बताया गया।

*सम्मान की कड़ी में अतिथि भी हुए सम्मानित*

समाजसेवी अशोक कुमार राय ने मंडल ब्यूरो हेड भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह तथा आजमगढ़ ब्यूरो चीफ रामनरायन राय उर्फ बबलू राय को भी सम्मानित किया। वहीं रिंकू सिंह एवं बबलू राय ने प्रधानाध्यापिका कमला रानी को चैनल का मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

इसके बाद प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने समाजसेवी अशोक कुमार राय, रिंकू राय, बबलू राय तथा ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष उमेश राय को माला, मोमेंटो एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।

*“शिक्षक का सम्मान, राष्ट्र के भविष्य का सम्मान”*

समाजसेवी अशोक कुमार राय ने कहा कि समाज की वास्तविक तरक्की शिक्षा से होती है और शिक्षा की नींव को मजबूत करने का दायित्व शिक्षक निभाते हैं। शिक्षक बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।

एसआरजी राम बदन ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का सम्मान बच्चों के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सम्मान के दो शब्द भी गुरु के जीवन में नई ऊर्जा भर सकते हैं।

शायद इसी भाव को शब्दों में यूं कहा जा सकता है—

“कलम को ज्ञान मिला, तो गुरु के हाथों से मिला, जीवन को सम्मान मिला, तो गुरु के साथों से मिला।

जो पीढ़ियों के सपनों को आकार देते हैं, उन गुरुजनों को नमन, जो राष्ट्र का भविष्य संवारते हैं।”

 

गांधी जयंती का यह आयोजन केवल एक समारोह बनकर नहीं रहा, बल्कि गुरु, शिक्षा और संस्कार के प्रति समाज की कृतज्ञता का भावपूर्ण संदेश है।