भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ रसड़ा तहसील इकाई का गठन, रवि प्रताप आर्य बने अध्यक्ष।
रसड़ा, बलिया।
मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तर प्रदेश की जनपद बलिया स्थित तहसील इकाई रसड़ा की एक आवश्यक बैठक पत्रकार अख्तर जमील के प्रतिष्ठान पर संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से पत्रकार रवि आर्य को भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ तहसील इकाई रसड़ा का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय पत्रकार उमाकांत विश्वकर्मा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ देश के 14 से अधिक राज्यों में पत्रकारों के हितों के लिए संघर्षरत एक सशक्त और लोकप्रिय संगठन है। उन्होंने कहा कि इस संगठन में पद-लोलुप लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है और रसड़ा इकाई पूर्व की भांति ही मजबूत बनी हुई है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि आर्य ने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारों को इकाई से जोड़ा जाएगा, जो अपनी लेखनी के माध्यम से आज भी पत्रकारिता को जीवंत रखे हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया जाएगा तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए संगठन के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे निर्भीक होकर समाजहित में निष्पक्ष समाचार लिखें और किसी भी प्रकार की धमकी से भयभीत न हों। पत्रकारों के मान-सम्मान से यदि कोई खिलवाड़ करता है तो उसके खिलाफ संवैधानिक तरीके से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
संगठन विस्तार के क्रम में पत्रकार उमाकांत विश्वकर्मा एवं राघवेंद्र कुमार गौतम को उपाध्यक्ष, सुमित कुमार गुप्ता को महामंत्री, अख्तर जमील को कोषाध्यक्ष तथा सौरभ कुमार (टाइगर) को सूचना मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एकता का संदेश देते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु दृढ़ संकल्प लिया।







