ज़बरन एक युवक को गाडी में बैठाने के मामले में मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

CRIME

संवाददाता : मोनू भारती
मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान आशुतोष त्रिपाठी पुत्र स्वर्गीय गोपाल त्रिपाठी, निवासी भाऊपुर थाना तरवां, जनपद आज़मगढ़, उम्र लगभग 27 वर्ष के रूप में हुई है । सूत्रों के अनुसार आशुतोष अपने साथियों के साथ सोनू पुत्र भोला प्रसाद, निवासी चकजाफरी थाना मुहम्मदाबाद गोहना को ज़बरन कार में बैठाकर ले जाने के प्रयास में शामिल था। इस दौरान मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग करहां के पास सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की हुंडई कार के साथ उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम व जुर्म स्वीकार किया। वाहन के कागज़ात मांगे जाने पर कोई दस्तावेज़ प्रस्तुत न कर पाने पर कार को सीज़ कर दिया गया। इस मामले में अन्य तीन आरोपी राम प्रवेश यादव, बसंत यादव और हरिओम (सभी निवासी खर्रिहानी, थाना तरवां, जनपद आज़मगढ़) वांछित हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।