
बाराबंकी: यूपी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रतिमा श्रीवास्तव जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा जनपद न्यायालय परिसर से कार रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर सत्यदेव गुप्ता प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय बाराबंकी, अल्पना सक्सेना पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण बाराबंकी, राकेश कुमार सिंह विशेष न्यायाधीश ई0सी0एक्ट/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अतिरिक्त सभी न्यायिक अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण उपस्थित थे।

यह कार रैली जनपद के सभी बैंकों के प्रतिनिधियों के द्वारा निकाली गई जो जनपद बाराबंकी के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में लोक अदालत की जागरूकता को बढ़ाने के लिए निकाली गई। रैली को सुचारू ढंग से आयोजन में यातायात पुलिस के द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया। रैली से सफल आयोजन पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा बैंक के प्रतिनिधियों व पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया गया। राकेश कुमार सिंह विशेष न्यायाधीश ई0सी0एक्ट/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत के द्वारा ए0डी0आर0 भवन में सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट की विचार विमर्श बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नोडल अधिकारी द्वारा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अब तक चिन्हित मुकदमों के विषय में जानकारी प्राप्त करते हुए अधिक से अधिक मुकदमों के निस्तारण हेतु न्यायिक अधिकारीगण को निर्देशित किया गया।

श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चिन्हित मुकदमों लिए निर्गत किये गये के सम्मन एवं तामीला उपरांत प्राप्त सम्मनों के विषय में जानकारी प्राप्त करते हुए न्यायालयों द्वारा निर्गत सम्मनों का शत प्रतिशत तामीला पुलिस विभाग के द्वारा कराये जाने के लिये निर्देशित किया गया।




