संवाददाता वसीम खान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)
करहाँ से मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड के सौसरवां गांव में डीह बाबा स्थान के नजदीक नाली जाम होने से आसपास के लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बरसात के पानी सहित घरों का पानी भी सुचारू रूप से निकल नहीं पा रहा है। इसकी वजह से आवागमन में भारी परेशानी सहित संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामवासियों ने इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु अनुरोध किया है।
बताते चलें कि सौसरवाँ गांव के बीचो-बीच पूरे गांव के आस्था का केंद्र डीह बाबा का स्थान है। इसके बगल से आसपास के लोगों के घरों का पानी एवं बरसात का पानी निकालने के लिए पहले से नाली बनाई गई थी। लेकिन गांव के कुछ लोगों के द्वारा नाली के ऊपर मिट्टी डाल देने से नाली का बहाव प्रभावित हो गया। इसके कारण अक्सर बरसात में जलजमाव एवं आसपास के घरों के पानी की निकासी की समस्या आ जाती है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है एवं आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही नाबदान जाम होने के कारण संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामवासी भीमसेन सिंह, किशन यादव, नागेंद्र सिंह, बिसुन यादव, श्रवण सिंह, मोहम्मद अली, एवं अमरनाथ यादव आदि ने सक्षम लोगों से इस समस्या के स्थाई और समुचित समाधान की अपील की है।