संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 19 नवम्बर 2026 (सू0वि0)। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/प्रभारी अधिकारी खनिज ने बताया है कि तहसील अलीगंज के ग्राम हतसारी स्थित गाटा संख्या 1290, रकबा 0.409 हेक्टेयर में बिना अनुमति मिट्टी का खनन किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। उप जिलाधिकारी अलीगंज की आख्या के अनुसार उक्त गाटा में लगभग 100 मीटर लंबाई, 07 मीटर चौड़ाई एवं 01 मीटर गहराई में कुल 700 घनमीटर मिट्टी का खनन पाया गया।
उक्त प्रकरण में संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। संबंधित भू-स्वामियों द्वारा अपने जवाब में खेत को समतल कराने की बात कहते हुए अवैध खनन के आरोपों से इनकार किया गया, लेकिन अपने कथनों के समर्थन में मिट्टी खनन की अनुमति से संबंधित कोई अभिलेख अथवा साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए फोटोग्राफ एवं पत्रावली में उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण से बिना अनुमति साधारण मिट्टी का खनन किया जाना स्पष्ट हुआ है। यह कृत्य उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली-2021 के नियम 3 एवं 58 का उल्लंघन तथा दण्डनीय अपराध है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के अनुमोदन आदेश दिनांक 19 नवम्बर 2026 के क्रम में इरमानश्री पत्नी श्रीकृष्ण, राजेश पुत्र चन्द्रपाल सिंह, चन्द्रपाल पुत्र दयाराम एवं श्रीकृष्ण पुत्र दयाराम, समस्त निवासी ग्राम कैल्ठा मजरा अलीगंज देहात, तहसील अलीगंज, जनपद एटा के प्रस्तुत जवाब को निरस्त करते हुए कुल 02 लाख रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।
संबंधित भू-स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि अर्थदण्ड की धनराशि 30 दिवस के भीतर विभागीय लेखाशीर्षक “0853-अलौह खनन तथा धातुकर्म उद्योग” में जमा कर ट्रेजरी चालान की मूल प्रति कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निर्धारित समयावधि में धनराशि जमा न किए जाने की स्थिति में बकाया धनराशि की वसूली भू-राजस्व के बकाये की भांति की जाएगी।




