नेशनल खबर 9 से यूपी हेड रिंकू सिंह
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बरदह थाने में पुलिसकर्मियों को किया गया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना परिसर में शुक्रवार को अभियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पहुंचकर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला एवं पुरुष आरक्षियों को जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, साइबर अपराध से बचाव तथा महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अभियोजन विभाग के अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं एवं बच्चियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है। अधिकारियों ने आरक्षियों को समझाया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दें, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति में सजग रहते हुए उचित कदम उठा सकें।
अधिकारियों ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के मद्देनजर ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर उत्पीड़न तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से जुड़े खतरों के प्रति भी सतर्क किया। साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दें और महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस एवं अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय और जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा कानूनी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराना समाज में सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस मौके पर भानु प्रताप पांडेय, अपर निदेशक अभियोजन, आजमगढ़ मंडल; सुभाष, प्रभारी संयुक्त निदेशक अभियोजन; प्रवीण कुमार चौधरी, अभियोजन अधिकारी; विपिन भास्कर, अभियोजन अधिकारी; शशिकांत, अभियोजन अधिकारी; नवनीत कुमार त्रिपाठी, अभियोजन अधिकारी; विमलेश कुमार पांडेय, सहायक अभियोजन अधिकारी; कृष्ण मुरारी राय, सहायक अभियोजन अधिकारी तथा संतोष कुमार यादव, सहायक अभियोजन अधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति फेज-6 के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और कानूनी जानकारी को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।




