अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन दुकानों को रौंदा, 6 लाख की संपत्ति हुई नष्ट

स्थानीय समाचार

संवाददाता : वसीम खान
रतनपुरा मऊ। मऊ से रसड़ा की तरफ जा रही 18 चक्का अनियंत्रित ट्रेलर ने शनिवार की रात्रि 12:00 बजे के लगभग रतनपुरा की तीन दुकानों को रौंद दिया, जिससे दुकानों का कुल 6 लाख रुपए की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। बताया जाता है कि जय मां शारदा ट्रांसपोर्ट कंपनी हरदिया गीडा, गोरखपुर की ट्रेलर बी आर 28 जी बी /6915 मऊ की तरफ से आते हुए रसड़ा की तरफ जा रही थी की रात्रि 12:00 बजे के लगभग रतनपुरा स्थित शहीद चौक पर अनियंत्रित हो गई, और तीन दुकानों के अगले हिस्से को रौंदते हुए एक किराने की दुकान पर उसका अगला हिस्सा घूम करके फंस गया। ट्रेलर के दुकान से टकराने की वजह से धमाके की आवाज हुई, जिससे आसपास के दुकानदारों की नींद टूट गई। आसपास के दुकानदारों ने ट्रेलर के चालक को उसके केबिन से बाहर निकाला ,वह घायल हो चुका था। दुकानदारों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, पुलिस ने घायल ड्राइवर को अस्पताल भिजवाया, और इसके बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी। अनियंत्रित ट्रेलर पहले विद्युत के खंभे से टकराया, इसके बाद दुकानों के अगले हिस्से को रौंदते हुए दुकानों के टीन शेड में फंस गया।खंभे से टकराने की वजह से दुकानदारों के टीन शेड में विद्युत प्रवाहित होने लगी, जिसे दुकानदारों ने फोन करके विद्युत को डिस्कनेक्ट करवा दिया। इस हादसे में व्यापारी धर्मेंद्र कुमार गुप्त पुत्र सजनू के दुकान में रखी मिठाईयां ,टीन शेड शटर ,डीप फ्रीज ,दो काउंटर, चौकी, मेज ब्रेंच नष्ट हो गया। जिससे इस दुकानदार को तीन से चार लाख रुपए की चपत पहुंची है। वही मोबाइल की दुकान चलाने वाले जितेंद्र कुमार गुप्त पुत्र सजनू के दुकान में रखी बाइक, काउंटर ,सीसीटीवी कैमरा, माइक, शटर दोनों तरफ की दीवाल, मोबाइल की सामग्री इत्यादि नष्ट हो गया। इससे उसे 300000 की क्षति पहुंची है। पीड़ित व्यापारी जितेंद्र कुमार गुप्त बैंक से ऋण लेकर के यह कार्य कर रहा था। जबकि इसके पड़ोसी रामपति मद्धेशिया का टीन शेड ट्रेलर की चपेट में आने से नष्ट हो गया है। पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर के आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर विद्युत कर्मचारियों ने खंबे तार इत्यादि की मरम्मत में लग गए। शहीद चौक में विद्युत की आपूर्ति बाधित हो गई ।जिसे कर्मचारी दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।