संवाददाता : धीरेन्द्र पाण्डेय
गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना थाना क्षेत्र के तेजपुर मैदहा गांव की है, जहां पीड़ित पंकज कुमार पुत्र रामौतार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार बीती रात परिवार के सभी सदस्य छप्पर वाले मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पक्के मकान की दीवार काटकर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखे दो बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने और चांदी के कीमती आभूषण तथा नकदी पार कर दी। चोरी किये गए सामान में सोने का झाला, मंगलसूत्र, नथुनी, समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के करधन, पायल, बिछुआ और हाथ में पहनने वाले आभूषण भी चोर उठा ले गए। इसके अलावा घर में रखी गुल्लक से 5,500 रुपये नकद भी चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो दीवार में सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए। शोर-शराबा होने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और आसपास तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में चोरी किए गए दोनों बक्से और कपड़े पड़े मिले, लेकिन उनमें रखे जेवरात और नकदी गायब थी। घटना से गांव में दहशत है पीड़ित ने छपिया थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




