इंदारा–फेफना रेल लाइन को मुख्य लाइन घोषित करने की मांग तेज सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने की सार्थक पहल।

स्थानीय समाचार

इंदारा–फेफना रेल लाइन को मुख्य लाइन घोषित करने की मांग तेज
सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने की सार्थक पहल।

संवाददाता उमाकांत वश्वकर्मा

रसड़ा/बलिया।
इंदारा–फेफना रेल लाइन को अब तक मुख्य लाइन (मेन लाइन) घोषित न किए जाने के कारण रसड़ा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं हो पा रहा है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने स्टेशन मास्टर सुशील कुमार श्रीवास्तव के माध्यम से भारत सरकार के रेल मंत्री को पत्र भेजकर इंदारा–फेफना रेल लाइन को मुख्य लाइन घोषित करने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि रसड़ा रेलवे स्टेशन एक प्राचीन रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ तहसील मुख्यालय भी है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद मुख्य ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को अन्य रेलवे स्टेशनों या वैकल्पिक साधनों से यात्रा करने को मजबूर होना पड़ता है।
विश्वजीत जायसवाल ने कहा कि यदि इंदारा–फेफना रेल लाइन को मुख्य लाइन का दर्जा दिया जाता है, तो रसड़ा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक गोरखपुर एवं मंडल प्रबंधक वाराणसी को भी भेजी गई है। क्षेत्रीय जनता ने इस मांग का समर्थन करते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।