रहस्यमय हालात में अधिवक्ता दिलीप कुमार लापता, बाइक-बैग मिलने से बढ़ी सनसनी

CRIME स्थानीय समाचार

गाजीपुर 

NK9 : सुरेश चन्द्र पाण्डेय 

रहस्यमय हालात में अधिवक्ता दिलीप कुमार लापता, बाइक-बैग मिलने से बढ़ी सनसनी

 

जखनिया गाजीपुर। जनपद के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जखनिया गोविंद गांव निवासी अधिवक्ता दिलीप कुमार (पुत्र रामजीत राम) सोमवार, 30 मार्च 2026 को घर से अपने दैनिक कार्य के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। उनके अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दिलीप कुमार रोज की तरह गाजीपुर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसी दौरान सीधौना चौकी क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति की सूचना पर चौकी प्रभारी ने उनकी बाइक और बैग लावारिस हालत में बरामद किया। वाहन नंबर के आधार पर पहचान कर पुलिस ने भुड़कुड़ा कोतवाली को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों को उनके लापता होने की जानकारी मिली।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब दिलीप कुमार द्वारा अपने भाई के मोबाइल पर एक संदिग्ध वीडियो भेजे जाने की बात सामने आई। वीडियो की सामग्री को लेकर परिजनों में आशंका और भय का माहौल है, हालांकि पुलिस फिलहाल इस आधार पर कोई ठोस निष्कर्ष निकालने से बच रही है।
परिजनों ने यह भी बताया कि दिलीप कुमार का अपनी पत्नी के साथ कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। उनकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व अडिंला गांव में हुई थी और वैवाहिक जीवन में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
इस संबंध में दिलीप कुमार की माता गायत्री देवी ने भुड़कुड़ा कोतवाली में लिखित तहरीर देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
वहीं, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और तहरीर प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा, “वीडियो के आधार पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मोबाइल को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि क्षेत्रवासी दिलीप कुमार के सुरक्षित लौटने की कामना कर रहे हैं।