निजी अस्पताल संचालक व उसके तीन साथियों ने नर्स से किया सामूहिक दुष्कर्म

स्थानीय समाचार

सूरतगंज बाराबंकी: मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक और उसके तीन साथियों की ओर से अस्पताल में काम करने वाली नर्स से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल चारों आरोपी फरार हैं।

थाना क्षेत्र निवासी एक युवती सूरतगंज में संचालित एमएस अस्पताल में नर्स है। युवती का आरोप है कि रविवार देर शाम अस्पताल संचालक डाॅ. सुधीर वर्मा तथा अस्पताल के ही अन्य सहयोगी महेंद्र, सुनील, साहेब आलम ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर नौकरी से निकाल देने की धमकी दी। घटना के बाद परिजनों के संग पहुंची युवती ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। आरोपी डाॅक्टर अस्पताल बंद करके फरार है। पुलिस ने युवती को मेडिकल के लिए भेजा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।