रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
क़स्बा रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी-4 में स्थित शिव शक्ति धाम परिसर (भुईया माता मंदिर) में आयोजित सात दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का सोमवार को कन्या पूजन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हो गया।

समापन दिवस पर सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा, जिसके बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई।

पूरे सप्ताह चले इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन-पूजन किए तथा भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। महोत्सव के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा, जिससे आयोजन एक धार्मिक उत्सव का स्वरूप लेता दिखाई दिया।

आयोजन नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अध्यक्ष संघ के जिला अध्यक्ष रामशरण पाठक के सहयोग और नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके प्रयासों से आयोजित इस महोत्सव में नगर तथा आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

समापन अवसर पर भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा सहित मोहल्ला, नगर और क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।




