आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
“हर बेटी मुस्कुराए, हर मां सुरक्षित रहे” पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव ने छेड़ी सर्विक्स कैंसर के खिलाफ जागरूकता की मुहिम
“कुछ रिश्ते सिर्फ अपने नहीं, समाज के लिए जिए जाते हैं,कुछ लोग नाम नहीं, लोगों की जिंदगी में उम्मीद बन जाते हैं”
आजमगढ़ जनपद में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सिंह और प्रसिद्ध महिला चिकित्सिका डॉ. विपिन यादव ने मिलकर सर्विक्स कैंसर के खिलाफ एक बड़ी जागरूकता मुहिम की शुरुआत की। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों और महिलाओं के सुरक्षित भविष्य की एक भावनात्मक पहल बनकर सामने आई।
कार्यक्रम में महिला चिकित्सिका डॉ. विपिन यादव को दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बेहद सरल शब्दों में बताया कि सर्विक्स कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ने वाली गंभीर बीमारी है, लेकिन समय रहते HPV वैक्सीन लगवाकर इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि 9 से 14 वर्ष की बच्चियों के लिए यह वैक्सीन सुरक्षा कवच की तरह काम करती है।
डॉ. विपिन यादव ने भावुक अंदाज में कहा,
“अगर जागरूकता से एक भी बेटी की जिंदगी बचती है, तो यही हमारे अभियान की सबसे बड़ी सफलता होगी।”
वहीं पूजा सिंह ने इस अभियान को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि आज जरूरत है कि लोग बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर खुलकर आगे आएं। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में परिवार गंभीर बीमारियों को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि थोड़ी सी जागरूकता जिंदगी बचा सकती है।
पूजा सिंह ने कहा,
“बेटियां घर की रौनक ही नहीं, आने वाले कल की उम्मीद होती हैं…
उनकी मुस्कान सुरक्षित रहे, यही हमारी सबसे बड़ी कोशिश है।”
अभियान के पहले दिन पत्रकार बंधुओं का सम्मान भी किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी पत्रकारों को सेलो कंपनी की पानी की बोतलें वितरित की गईं। आयोजकों ने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज हैं और जागरूकता की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि आज के दौर में जहां लोग सिर्फ अपने लिए सोचते हैं, वहीं कुछ लोग समाज और बेटियों के भविष्य के लिए भी खड़े दिखाई देते हैं।
अंत में दोनों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर HPV वैक्सीनेशन अवश्य कराएं और सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जागरूक बनें।
“इलाज से बेहतर अगर कुछ है,
तो वो है समय रहते जागरूक हो जाना…”




