चन्दीपुर गांव में आग से चार परिवारों की गृहस्थी राख, लाखों का नुकसान

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

थाना क्षेत्र के ग्राम चन्दीपुर में शनिवार शाम अचानक लगी भीषण आग से चार परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से छप्परनुमा मकान, घरेलू सामान, पशुओं का चारा, कई बोरी गेहूं, ट्रॉली के टायर, इंजन समेत अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी सिद्धनाथ, दिनेश, सहजराम और विनोद के छप्परनुमा घरों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करते हुए जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग से उनकी पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।