कोतवाल विनय कुमार सिंह की सख्ती का असर: शादी में चाकूबाजी व हत्या कांड में तीन और गिरफ्तार

CRIME

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

कोतवाल विनय कुमार सिंह की सख्ती का असर: शादी में चाकूबाजी व हत्या कांड में तीन और गिरफ्तार

आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए चाकूबाजी और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में लगातार हो रही कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात कस्बा अजमतगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान कूलर की हवा की दिशा को लेकर विवाद हो गया था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें नीरज निषाद समेत नौ नामजद आरोपियों ने मारपीट और चाकूबाजी की। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के संबंध में राजेश निषाद निवासी बेलसड़ी, बड़हलगंज (गोरखपुर) की तहरीर पर जीयनपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही मुख्य आरोपी नीरज निषाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।

इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को पुलिस टीम ने महेश निषाद (24), पवन निषाद (18) और भीम निषाद (22) को मुबारकपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह की सक्रियता और सख्ती साफ नजर आई। उनके नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय यादव सहित पुलिस टीम लगातार दबिश देकर अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।