सरायमीर सभासद के बेटे से मारपीट व लूट करने को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से की गयी शिकायत

CRIME

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
सरायमीर ( आजमगढ़) वार्ड नं01 खुदकाश्ता उर्फ सरायमीर की सभासद गीता देवी ने पुलिस पर उनके बेटे को पीटने व गाली-गलौज करने के साथ 10,000 रुपये लूटने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सभासद ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को दरखास्त देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और बेटे को बाइज्जत बरी करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थिनी गीता देवी पत्नी अशोक कुमार सोनकर के मुताबिक, उनका बेटा अनिल कुमार सोनकर मछली विक्रय का काम करता है और सभासद प्रतिनिधि भी है। दिनांक 30/04/2026 को शाम 5:00 बजे वह खुदकाश्ता स्थित पोखरे पर था। आरोप है कि तभी सरायमीर थाने के पुलिसकर्मी अलोक कुमार शुक्ला व एसआई पंकज यादव अपने साथियों के साथ पहुंचे और अनिल सोनकर को जातिसूचक शब्दों से गाली देते हुए लात-घूंसों से पीटने लगे। दरखास्त में आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अनिल सोनकर की जेब से 10,000 रुपये भी छीन लिए और थाने लाकर जुए में फर्जी मुकदमा पंजीकृत कर दिया। सभासद का दावा है कि पुलिस ने नीचे वाले पैंट की जेब से 6600 रुपये निकालकर बरामदगी दिखा दी। गीता देवी ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे।
थाना इंचार्ज का पक्ष
जब इस दरखास्त के संबंध में थाना इंचार्ज सरायमीर से बात की गई तो उन्होंने आरोपों को नकार दिया। थाना इंचार्ज का कहना है कि *”अनिल कुमार को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया था। मौके से नकदी बरामद हुई थी जिसके बाद जुआ अधिनियम में मुकदमा लिखकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस पर लगाए गए मारपीट और लूट के आरोप बेबुनियाद हैं और जुए में पकड़े जाने के बाद बचने के लिए लगाए जा रहे हैं।