ब्यूरो रिपोर्ट आशीष सिंह राठौड़
मकान बेचने के प्रयास का आरोप, महिला ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के अतरौलिया थाना अंतर्गत मदियापार गांव निवासी मनीषा विश्वकर्मा पत्नी अशोक विश्वकर्मा मंगलवार को तहसील पहुंचीं और उपजिलाधिकारी अभयराज पाण्डेय को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता का आरोप है कि उनके ससुर राधेश्याम ने परिवार की अधिकांश पैतृक भूमि पहले ही बेच दी है। अब जिस मकान में वह अपने परिवार के साथ रहती हैं, उसे भी बेचने की तैयारी की जा रही है। मनीषा का कहना है कि उनके पति दिव्यांग हैं और यदि मकान भी बिक गया तो उनके परिवार के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
महिला ने आरोप लगाया कि इस मामले में वह पहले भी कई बार संबंधित थाने में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर मकान की बिक्री रुकवाने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
मनीषा विश्वकर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई और परिवार को बेघर होने की नौबत आई, तो वह अपने पति और बच्ची के साथ आत्महत्या करने का कदम उठाने को मजबूर हो सकती हैं। उन्होंने इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अभयराज पाण्डेय ने बताया कि उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला रजिस्ट्री विभाग से संबंधित प्रतीत होता है, जिसमें तहसील प्रशासन की कार्रवाई सीमित है। फिर भी पीड़िता के ससुर को बुलाकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विवाद का समाधान हो सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।




