इटावा
संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
इटावा जिले में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर हैवरा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी के आगे गुजरात मॉडल भी फेल हो गया है। अब चाचा साथ आ गए हैं। अब हम लोग 2024 और 2027 भी जीतेंगे। वहीं, कार्यकर्ताओं की आभार सभा में सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के लोग न जाने क्या-क्या सपने देखते थे। वे कहते थे कि आजमगढ़ हरा दिया है, अब मैनपुरी को भी हरा देंगे। हमारे मुख्यमंत्री बगल में करहल गए थे। वो तो अच्छा हुआ जसवंतनगर नहीं आए। क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री यह जानते नहीं कि जसवंतनगर और मैनपुरी के लोग स्प्रिंग की तरह हैं, जितना दबाओगे उतना उछलेंगे।मैनपुरी उपचुनाव में सभी विधानसभाओं में जीत मिली। भोगांव में उम्मीद नहीं थी, लेकिन भोगांव के लोगों ने कमाल करके दिखा दिया। किशनी में सोचता था, यहां बराबर होंगे, लेकिन किशनी भी आगे चली गई। मैनपुरी सदर सोच रहे थे नहीं जीतेंगे, लेकिन वहां पर भी जीते। मुझे पता था कि जसवंतनगर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ सकता है। यह जीत कोई छोटी जीत नहीं है। जो लोग राजनीति को समझते हैं, वह जानते हैं कि मैनपुरी की जीत ने नई ऊर्जा समाजवादियों को दी है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई कराएंगे। साथ ही 2027 भी जीतेंगे।




