पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 80 यात्री बाल-बाल बचे

CRIME

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट:

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 80 यात्री बाल-बाल बचे

आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जयपुर से कूच बिहार (पश्चिम बंगाल) जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना माइल स्टोन 188.6 पर पवई थाना क्षेत्र के सहेला गांव के पास लगभग 2:15 बजे हुई।
बस में सवार करीब 80 यात्रियों ने बताया कि सफर के दौरान अचानक केबल जलने की दुर्गंध आने लगी, जिस पर यात्रियों ने शोर मचाकर बस रुकवाई। चालक ने बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया। कुछ ही पलों में बस धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक जयपुर से ही शराब के नशे में बस चला रहा था।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। सभी यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।