लहरतारा की झुग्गी-बस्ती में बच्चियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, युवा फाउंडेशन ने दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

Social

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा फाउंडेशन की टीम लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में टीम ने लहरतारा स्थित झुग्गी-बस्ती में पहुंचकर बच्चियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

बच्चियों को दी गई पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

अभियान के दौरान बच्चियों को आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। साथ ही अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस के प्रति डर और झिझक दूर करने का प्रयास

जागरूकता अभियान के दौरान युवा फाउंडेशन की टीम ने बच्चियों से खुलकर संवाद किया। उनके मन में पुलिस को लेकर मौजूद डर और झिझक को समझने का प्रयास किया गया। बच्चियों ने भी बेझिझक अपनी बातें रखीं और अपनी आशंकाओं को साझा किया।

टीम ने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए है। किसी भी परेशानी या खतरे की स्थिति में बिना डरे मदद मांगनी चाहिए।

लड़के और लड़कियों को सुरक्षा व सम्मान के प्रति जागरूक करना उद्देश्य

युवा फाउंडेशन के सदस्य लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। संस्था का उद्देश्य केवल लड़कियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि लड़कों को भी सम्मान, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाना है, ताकि समाज में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके

आगे भी जारी रहेगा जागरूकता अभियान

इस जागरूकता अभियान में सीमा चौधरी, विकास मौर्या और सलीम जावेद उपस्थित रहे। टीम ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सके।

संदेश: अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनें, गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लें।