देवा मेला में नौनिहालों ने बिखेरी नृत्य, संगीत और अभिनय की इंद्रधनुषी छट
समूह नृत्य, एकल गायन एवं एकांकी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मेला कमेटी की सदस्या रानी साहिबा श्रीमती मृणालिनी जी ने विजेता टीमों को किया सम्मानित

बाराबंकी: देवा मेला एवं प्रदर्शनी के सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में शुक्रवार को देवा ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में समूह नृत्य, एकल गायन एवं एकांकी प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुए इस सांस्कृतिक समारोह में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, उमंग और मनोयोग के साथ प्रतिभाग कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मत्स्य विभाग के कार्यकारी अधिकारी अच्छे लाल निषाद की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिताओं में नन्हे कलाकारों ने नृत्य की मनोहारी मुद्राओं, सुरों की मधुर स्वर-लहरियों और अभिनय की सजीव अभिव्यक्तियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागी विद्यालयों की प्रस्तुतियां एक से बढ़कर एक रहीं और ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान होता रहा।
प्रतियोगिता के परिणामों में समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय उमापुर संदौली, विकासखंड बंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, फतेहपुर ने द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय हेमपुरवा, विकासखंड निंदूरा ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए निर्णायक मंडल में स्टेट रिसोर्स पर्सन अवधेश कुमार पांडेय, पद्मजा त्रिपाठी एवं जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, कला-कौशल, भावाभिव्यक्ति एवं सामूहिक समन्वय के आधार पर परिणाम निर्धारित किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मेला कमेटी की सदस्या रानी साहिबा मृणालिनी जी ने प्रतिभागी एवं विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिरुचि, आत्मविश्वास और मंचीय कौशल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताया।इस अवसर पर लेखपाल शिवेंद्र, अभिषेक सिंह, विपिन कुमार, मनोज चौधरी सहित अनेक गणमान्यजन एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी ने किया।
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का हस्तांतरण, सभी विकास खंडों में हुआ सजीव प्रसारण




