कमिश्नरेट वाराणसी में थाना गोद लेने की पहल से अपराध नियंत्रण एवं बेहतर पुलिसिंग को नई दिशा

Social

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी, 15 सितंबर 2026। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध नियंत्रण, थानों की कार्यप्रणाली में सुधार, प्रभावी जनसुनवाई और पुलिसकर्मियों के कल्याण के उद्देश्य से थाना गोद लेने की अभिनव पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत वरिष्ठ अधिकारी गोद लिए गए थानों का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे और वहां की पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देंगे।

प्रथम चरण में कमिश्नरेट वाराणसी के 15 थानों की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि द्वितीय चरण में शेष 15 थानों को भी अधिकारियों द्वारा गोद लिया जाएगा। इस पहल के माध्यम से थानों की कार्यप्रणाली में सुधार, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की मेस, साफ-सफाई एवं रहने-खाने की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

इसी क्रम में पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने गोद लिए गए थाना चौक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और पुलिसकर्मियों से संवाद किया।

काशी जोन के व्यापारियों के साथ बैठक

इसके बाद पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने काशी जोन के व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। व्यापारियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर पुलिसिंग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में व्यापारियों ने पार्किंग, जाम, नशा, जुआ तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि अपराध नियंत्रण में पुलिस और व्यापारी मिलकर प्रभावी भूमिका निभा सकें।

168 कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा

पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने काशी जोन के थानों में लंबित कालबाधित विवेचनाओं की भी समीक्षा की। जनपद में लंबित 168 कालबाधित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

समीक्षा के दौरान विवेचनाओं की प्रगति, साक्ष्य संकलन और अभियोजन की स्थिति की जानकारी ली गई। पुलिस आयुक्त ने संबंधित राजपत्रित अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण तथा विवेचकों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य संकलन किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने और दोषियों के विरुद्ध प्रभावी विधिक कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

महिला पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार

थाना चौक के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने सीसीटीएनएस पर तैनात महिला आरक्षी विद्या सिंह और महिला आरक्षी प्रतिभा सिंह के कार्यों की जानकारी ली। उनके उत्कृष्ट कार्य और दक्षता की सराहना करते हुए दोनों महिला पुलिसकर्मियों को ₹500-₹500 नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पुलिसकर्मियों के साथ बड़ाखाना में किया प्रतिभाग

इसके बाद थाना चौक के अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों के साथ बड़ाखाना कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी एवं व्यापारीगण मौजूद रहे।