रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर कस्बा रामनगर स्थित नगर पंचायत कार्यालय परिसर में श्री शंख साहित्य सेवा संस्थान एवं मानव कल्याण समिति के तत्वावधान में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनगर धमेड़ी स्टेट की राजमाता मृणालिनी सिंह ने की। मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी रहे, जबकि स्वागताध्यक्ष नगर पंचायत रामनगर के अध्यक्ष रामशरण पाठक रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। देवी प्रसाद मिश्र ने राजमाता मृणालिनी सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद सभी आमंत्रित कवियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों का भी माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट करते हुए सम्मान किया गया।
कवि सम्मेलन में शिव किशोर तिवारी, जगजीवन मिश्रा, लवकुश, अंकिता शुक्ला, मनोज मिश्रा शीत, जगन्नाथ दीक्षित, डॉ. सर्वेश शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, विशाल मिश्रा, शिवम मिश्रा, रजत मिश्रा, अमन सिंह, नीरज निर्मोही, दिवाकर शर्मा, नागेंद्र सिंह, हर्ष प्रधान सहित कई कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों की ओजपूर्ण, हास्य एवं भावपूर्ण रचनाओं ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। उपस्थित लोगों ने तालियों से कवियों का उत्साहवर्धन किया।




