संवाददाता : अभय चंद गुप्ता
सरायमीर (आजमगढ़)। नगर की धार्मिक पहचान के रूप में प्रसिद्ध छोटी अयोध्या स्थित श्री राम-जानकी मंदिर में भगवान श्रीरामचंद्र जी के भव्य मंदिर के जीर्णोद्धार एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री ठाकुर द्वारा श्री राम-जानकी मंदिर समिति, छोटी अयोध्या सरायमीर, आजमगढ़ के तत्वावधान में 15 अगस्त, शनिवार को शाम पांच बजे से प्रभु की इच्छा तक विशाल भंडारे एवं संगीतमयी भजन संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम में श्रद्धालु भगवान श्रीराम और माता जानकी के दर्शन-पूजन के साथ भजन-कीर्तन का आनंद ले सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, वार्षिकोत्सव के अवसर पर शाम 6:30 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर परिसर को धार्मिक आयोजन के अनुरूप सजाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं, बहनों एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में सपरिवार पहुंचकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




