नेशनल खबर 9 के लिए यूपी हेड रिंकू सिंह
गैस एजेंसी जा रहे बाइक सवारों को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत सगड़ी तहसील स्थित सीओ आवास से करीब 100 मीटर की दूरी पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोहरीघाट से आजमगढ़ की ओर जा रही रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के समुंदरपुर गांव निवासी अदीद (19) पुत्र सलीम और अदिल (18) पुत्र जैश बाइक से किसी काम के सिलसिले में गैस एजेंसी की ओर जा रहे थे। दोनों युवक सगड़ी तहसील के सीओ आवास के पास पहुंचे ही थे कि दोहरीघाट की ओर से आजमगढ़ जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अदीद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अदिल गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अदिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवहन निगम की जेएसआई चंद्रकला शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




