स्कूल वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, चार वाहन सीज, छह का चालान

स्थानीय समाचार

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

स्कूल वाहनों पर एआरटीओ का शिकंजा, चार वाहन सीज, छह का चालान

संजरपुर (आजमगढ़)। सरायमीर थाना क्षेत्र में सोमवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में स्कूल वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फिटनेस व आवश्यक अभिलेखों में कमी पाए जाने पर चार स्कूल वाहनों को सीज कर सरायमीर थाने में खड़ा कराया गया, जबकि छह वाहनों का चालान किया गया।

जांच अभियान की सूचना मिलते ही निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया। कई विद्यालयों ने अपने वाहनों की जांच से बचने के लिए एहतियात बरती और विद्यालय भी देर तक खुले रहे।

एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने बताया कि जांच के दौरान महर्षि पतंजलि स्कूल सहित कई विद्यालयों के वाहनों की जांच की गई। कुछ वाहनों पर पूर्व का चालान लंबित मिला, जबकि कई वाहनों के आवश्यक दस्तावेज और फिटनेस प्रमाणपत्र अधूरे पाए गए। इसी आधार पर चार वाहनों को सीज तथा छह का चालान किया गया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालक अपने वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा सहित सभी आवश्यक अभिलेख समय से पूर्ण रखें। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।