कलम की ताकत को झुकाया नहीं जा सकता, पत्रकारों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता” अजय मिश्रा

PRESS RELEASE

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

“कलम की ताकत को झुकाया नहीं जा सकता, पत्रकारों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता” अजय मिश्रा

अतरौलिया।

“जो सच की राह पर चलता है, वही इतिहास लिखता है,

कलम जब जाग उठती है, तो सत्ता भी सोचती है।”

इन्हीं भावों के साथ स्थानीय निरीक्षण भवन में शुक्रवार की शाम आइडियल पत्रकार संगठन की बुढ़नपुर तहसील इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रही, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प बनी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता दिनेश सिंह ने तथा संचालन तहसील संरक्षक विवेक जायसवाल ने किया। मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ही नहीं, बल्कि समाज का जागरूक प्रहरी है। यदि कलम सुरक्षित रहेगी तो लोकतंत्र भी मजबूत रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन हर उस पत्रकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा, जिसके साथ कहीं भी अन्याय होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मानदेय, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा सामाजिक सम्मान दिलाने के लिए सरकार के समक्ष लगातार अपनी आवाज़ बुलंद कर रहा है। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर संबंधित स्तर पर भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह जिला एवं तहसील स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित कर पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा होगी और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अजय मिश्रा ने कहा कि “संगठन केवल नाम का नहीं, काम का होना चाहिए।” अनुशासन संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। यदि कोई पदाधिकारी या सदस्य संगठन की गरिमा के विपरीत कार्य करता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आइडियल पत्रकार संगठन आज देश के 22 राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है तथा 18 राज्यों में संगठन की मजबूत इकाइयां पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लड़ाई किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की लड़ाई है और यह संघर्ष अंतिम पत्रकार को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।

“कलम बिके न कभी, ये हमारा ईमान रहे,

सच लिखने वालों का हमेशा ऊंचा सम्मान रहे।”

बैठक में राष्ट्रीय सचिव रोशन लाल, केंद्रीय संयुक्त प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, प्रदेश महासचिव प्रवीण मद्धेशिया, प्रदेश सचिव आशीष निषाद, प्रदेश प्रभारी रामनरायन राय उर्फ बबलू राय,जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा, बजरंगी विश्वकर्मा, संतोष सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह, अजय प्रकाश यादव, अमित यादव, रविंद्र नाथ गुप्ता, विजय कुमार, विशाल गौतम, चंद्रेश यादव, आकाश मोदनवाल, रामनाथ राजू, राम भवन, कपिल कुमार, अश्वनी गौड़, रवि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का समापन पत्रकार एकता के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि “संगठित पत्रकार ही सुरक्षित पत्रकार है।” सभी ने पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

“सच लिखने वालों की पहचान नहीं मिटती,

आंधियां कितना भी जोर लगा लें, उड़ान नहीं रुकती।”