इब्राहिम पट्टी (बलिया) – भीमपुरा थाना क्षेत्र में बाइक दुर्घटना, दो युवक घायल

स्थानीय समाचार

इब्राहिम पट्टी (बलिया)भीमपुरा थाना क्षेत्र में बाइक दुर्घटना, दो युवक घायल भीमपुरा थाना क्षेत्र के भिंड लखनसिंहा के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खम्भे से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी धर्मेन्द्र ने तत्काल 108 नंबर पर फोन कर एम्बुलेंस बुलवाई।
सूचना मिलते ही लगभग 10 मिनट में एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस स्टाफ ने दोनों घायलों की स्थिति का आकलन किया और प्राथमिक उपचार प्रारम्भ किया। घायल युवकों की पहचान अंकित पुत्र महेंद्र राजभर (24 वर्ष) और दुर्गेश चौहान (23 वर्ष) के रूप में हुई। हादसे में अंकित का बायां पैर बुरी तरह टूट गया था।
एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी टेक्नीशियन विधि चन्द चौहान ने तुरंत एयर स्प्लिंट लगाकर घायलों की स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद ग्रीन हेल्थ सर्विस, लखनऊ के ऑन-कॉल डॉक्टर डॉ. महेंद्र से मार्गदर्शन लेकर आगे का प्राथमिक उपचार किया गया।
दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मांडव ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। जांच के दौरान अंकित के पैर में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और मामले की जांच जारी है।