राघवेंद्र मिश्रा
बाराबंकी
कुर्सी थाना क्षेत्र में अमरसंडा उमरा गांव में इण्डस्ट्रियल एरिया के समीप बीस वर्षीय किशोरी की हत्या कर फेंका गया शव बरामद हुआ। किशोरी की हत्या गला काटकर की गई है। हत्या की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। मौके पर कई थानो की पुलिस के अलावा डाग स्क्वायड ने भी पड़ताल की। शव के समीप ही एक ताजा गड्ढा भी खुदा मिला, ऐसे मे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव को दफनाकर ठिकाने भी लगाने के प्रयास मे हत्यारे थे।
कुर्सी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमरसंडा उमरा गांव के पास इण्डस्ट्रियल एरिया से कुछ दूरी पर शुक्रवार की सुबह एक किशोरी का शव पाया गया। खून से लथपथ शव को देखकर उधर से गुजर रहे ग्रामीण हतप्रभ रह गए। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। हत्या की जानकारी होते ही घटनास्थल पर कुर्सी के अलावा फतेहपुर देवा घूंघटेर की पुलिस पहुंच गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी पूर्णेन्दु सिंह व सीओ सिटी नवीन कुमार सिंह ने मामले की जांच की। मृतका की आयु करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर लाल रंग का सलवार सूट था। गले में पड़ा दुपट्टा खून से लथपथ था। किशोरी के गले पर धारदार हथियार के निशान थे। चेहरा भी खून से लथपथ था। पुलिस मामले की जांच में लगी है। घटनास्थल से करीब 15 फीट की दूरी पर एक गड्ढा भी खुदा हुआ पाया गया है। इसे लेकर आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों शव को दफन करने की कोशिश मे भी थे। जिससे साक्ष्य को मिटाया जा सके। मौके पर फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम ने सैंपल इकट्ठा किया वहीं स्क्वायड का डॉग औद्योगिक आस्थान क्षेत्र में एक घर के पास तीन जगहों पर जाकर रुका है। जिससे पुलिस को आशंका है कि हत्यारे औद्योगिक आस्थान क्षेत्र के हो सकते हैं।




