बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के वन रेंज हैदरगढ़ के भितरी गांव में शनिवार शाम मवेशी चरा रहे स्थानीय निवासी राजू (30) पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू को स्थानीय सीएचसी से केजीएमयू को रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने तेंदुआ द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई है। राजू के साथियों ने बताया कि वे सभी मवेशी चराने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे भितरी गांव गए थे। वहां पर एक तेंदुए ने राजू पर हमला कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
सूचना के बाद वन रेंज हैदरगढ़ ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, पर देर रात तक जंगली जानवर का पता नहीं चल सका। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि पगचिह्नों से देखकर लगता है कि हमला लकड़बग्घे द्वारा किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में पिंजड़े लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं।




