बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच वाराणसी में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, मोटर बोट से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

INTERNATIONAL

संवाद दाता:- सलीम जावेद 

वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और वरुणा नदी में तेज पलट प्रवाह को देखते हुए वाराणसी में पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आज दिनांक 03 सितंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी वाराणसी श्री सत्येन्द्र कुमार ने नमो घाट से पुराना पुल (सारनाथ) तक मोटर बोट से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने बढ़ते जलस्तर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ राहत केन्द्रों में जाने की अपील की गई। साथ ही जर्जर भवनों में रह रहे परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।

पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने जल पुलिस, एनडीआरएफ एवं पीएसी फ्लड कम्पनी को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय लोगों को जागरूक करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों द्वारा बाढ़ राहत शिविर नवोदय विद्यालय दनियालपुर एवं चित्रकूट कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज, तपोवन आश्रम, नक्खीघाट का निरीक्षण किया गया। राहत शिविरों में रह रहे लोगों से भोजन, पेयजल, रहने की व्यवस्था, सुरक्षा तथा बच्चों की पढ़ाई से संबंधित सुविधाओं की जानकारी ली गई।

वर्तमान में वाराणसी में 15 से अधिक बाढ़ राहत केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां 1600 से अधिक लोग रह रहे हैं। राहत केन्द्रों में भोजन, पेयजल, आवास एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस-प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर एवं वरुणा नदी के तेज पलट प्रवाह को देखते हुए नदी में तैराकी, स्टंटबाजी अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। बच्चों को नदियों एवं जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रखें तथा जलभराव एवं नदी क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

निरीक्षण के दौरान श्री गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त काशी जोन, श्री प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, श्री वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, श्री लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन सहित जल पुलिस, एनडीआरएफ एवं प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।