अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों से मिले जय हिंद मानवाधिकार एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

Social

संवाद दाता:- शमीम हसन 

लखनऊ। जय हिंद मानवाधिकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज अहमद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शमशेर गाज़ीपुरी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा भवन में अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान आयोग के सदस्य माननीय मोहम्मद असलम, सरदार परविंदर सिंह तथा माननीय सैयद सिराज अब्बासी रिजवी से विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जय हिंद मानवाधिकार एसोसिएशन के माध्यम से मानवाधिकार एवं अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। विशेष रूप से मस्जिद, मदरसा एवं अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित समस्याओं के साथ-साथ पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

आयोग के सदस्यों ने संस्था की ओर से उठाए जाने वाले जनहित एवं अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित मामलों को आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर न्याय दिलाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज अहमद ने कहा कि जय हिंद मानवाधिकार एसोसिएशन मानव जाति एवं समाज के हित में समय-समय पर जनकल्याणकारी कार्य करती रहती है। संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में महिला आयोग, अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मामलों में अल्पसंख्यक आयोग तथा मानवाधिकार से संबंधित मामलों में मानवाधिकार आयोग के समक्ष पत्राचार एवं शिकायतों के माध्यम से पीड़ितों को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करना, लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को उचित मंच तक पहुंचाकर न्याय दिलाने में सहयोग करना है।

इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने आयोग के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को आयोग के समक्ष उठाने और समाजहित में मिलकर कार्य करने की बात कही।