आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
भाजपा मंडल कार्यकारिणी व शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति
सगड़ी (आजमगढ़)। भारतीय जनता पार्टी अजमतगढ़ मंडल की मंडल कार्यकारिणी एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक बुधवार को जेडी पब्लिक स्कूल, नरयना (अजमतगढ़) में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी विपिन कुमार राय ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल कार्यकारिणी की बैठक, अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण तथा उससे पूर्व वाले रविवार को शक्ति केंद्रों की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सघन वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का कार्य करेंगे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पारितोष जायसवाल, दीपक उपाध्याय, अनुराग मिश्रा, ओंकार तिवारी, शैलेश चौहान, राममिलन चौहान, महावीर सिंह, अमित राय, फागु सोनकर, रमाशंकर पांडेय, मुकेश चौहान, सुरेंद्र शर्मा, भोला राजभर, शिवजीत चौहान, रामचंद्र गोड़, धीरेंद्र प्रताप सिंह, हरिकेश राजभर, ब्रज मंडल दुबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।




