रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
बुढ़वल रेलवे स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सुंधियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 11/11 से 11/13 के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे लगभग 28 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
जीआरपी बुढ़वल के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष आंकी गई है। फिलहाल उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों तथा अन्य माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




