रसड़ा स्टेशन पर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन।
संवाददाता उमाकांत विश्वकर्मा

रसड़ा (बलिया), 27 जून 2026। रसड़ा क्षेत्र के नागरिकों एवं रेल यात्रियों ने छपरा–आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12527/12528) का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव की मांग कर रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि रसड़ा जनपद बलिया का प्रमुख व्यापारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी तथा आम नागरिक दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं। ट्रेन का ठहराव न होने के कारण यात्रियों को मऊ, बलिया अथवा अन्य रेलवे स्टेशनों तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए छपरा–आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12527/12528) का रसड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इस ट्रेन का ठहराव रसड़ा में होता है तो लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा तथा विकास को भी नई गति मिलेगी।
ज्ञापन भेजने वाले विश्वजीत जायसवाल ने बताया कि यह मांग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के रेल यात्रियों और आम नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।




