मनरेगा के अनियमितता पर पूछे गए सवाल पर भड़के डीसी मनरेगा

Breaking

 

जखनियां ब्लॉक में पत्रकार से उलझे अधिकारी, पत्रकार संगठनों में रोष**

जखनियां/गाजीपुर।

जनपद गाजीपुर की तहसील जखनियां अंतर्गत विकासखंड जखनियां में आज उस समय माहौल गर्म हो गया, जब गाजीपुर से निरीक्षण पर पहुंचे डीसी मनरेगा से पत्रकार द्वारा मनरेगा कार्यों में अनियमितताओं को लेकर सवाल पूछा गया। सवाल सुनते ही डीसी मनरेगा नाराज हो गए और जवाब देने के बजाय पत्रकार से ही उलझ पड़े। इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसी मनरेगा आज सुबह गाजीपुर से जखनियां ब्लॉक पहुंचे थे, जहां उन्होंने खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मनरेगा योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इसी दौरान नेशनल खबर 9 एवं तेजस टुडे के वरिष्ठ पत्रकार उग्रसेन सिंह ने जखनियां ब्लॉक की विभिन्न ग्राम सभाओं में चल रहे मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और कार्यों की वास्तविक स्थिति को लेकर डीसी मनरेगा से सवाल पूछ लिया। आरोप है कि सवाल सुनते ही अधिकारी भड़क उठे और पत्रकार को जवाब देने के बजाय उनका परिचय पत्र एवं आईडी मांगने लगे।

स्थानीय लोगों और पत्रकारों का कहना है कि जखनियां ब्लॉक की कई ग्राम सभाओं में मनरेगा कार्यों को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं। यदि जिलाधिकारी और डीसी मनरेगा निष्पक्ष रूप से स्थलीय जांच करें, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय अधिकारी सवाल उठाने वालों को ही दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

पत्रकार संगठनों ने डीसी मनरेगा के इस व्यवहार को “अमर्यादित” बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया का कार्य जनहित के मुद्दों को उठाना है, लेकिन यदि अधिकारी सवालों से बचते हुए पत्रकारों से ही उलझने लगें, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले को लेकर जल्द ही पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर डीसी मनरेगा के खिलाफ शिकायत सौंपेगा तथा कार्रवाई की मांग करेगा।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन जखनियां ब्लॉक में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या फिर मामला केवल पत्रकारों से बहस तक ही सीमित रह जाता है।